इटारसी। श्री प्रेमशंकर दुबे स्मृति पत्रकार भवन में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एसोसिएशन के संस्थापक शिव भारद्वाज, दीपक अग्रवाल और अध्यक्ष नटवर पटेल की उपस्थिति में हुई, जिसमें विभिन्न स्कूल संचालकों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का सर्वप्रमुख मुद्दा आगामी शिक्षक सम्मान समारोह की तिथि और आयोजन का प्रारूप तय करना था।
शिक्षक सम्मान समारोह की रूपरेखा और विशेष अवार्ड
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि शिक्षक सम्मान समारोह 6 सितम्बर, रविवार को दोपहर 1 बजे से ‘साईं कृष्णा रिसॉर्ट, खेड़ा इटारसी’ में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैठक में पूर्व में लिए एक निर्णय की पुष्टि की गई कि एसोसिएशन द्वारा दिवंगत स्व. मनोज पटेल की स्मृति में एक विशेष अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा।
संचालन व विभिन्न जिम्मेदारियों का आवंटन
समारोह के सुचारू आयोजन के लिए सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया। सत्र 2026 के लिए मंच संचालन की जिम्मेदारी सुश्री मंजू ठाकुर एवं सुश्री अनुषा शर्मा को सौंपी है। सरस्वती पूजन और वंदना की व्यवस्था टीआरएम स्कूल, महावीर स्कूल अथवा राष्ट्रभारती स्कूल द्वारा की जाएगी। मंच पर अतिथियों को ट्रॉफी सौंपने का जिम्मा रजत प्रधान, सरोज चौहान और श्वेता वशिष्ठ के पास होगा।
नामांकन की अंतिम तिथि और आयोजन के प्रायोजक
कार्यक्रम के लिए सम्मानित किए जाने वाले शिक्षकों के फोटो एवं बायोडाटा जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि इस आयोजन के प्रायोजक स्वयं स्कूल संचालक ही होंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक के निर्णयों पर नीलेश जैन, मोहम्मद जफर सिद्दीकी, घनश्याम शर्मा, लोकेन्द्र साहू सहित कुल 26 उपस्थित सदस्यों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज की। आभार सचिव प्रदीप चिंटू जैन ने व्यक्त किया।











