इटारसी। इटारसी के ग्राम धोखेड़ा में नरवाई जलाने की घटना के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नरवाई में आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीएम नीलेश शर्मा और तहसीलदार सुनीता साहनी तत्काल मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने नगरपालिका दमकल को बुलाकर आग पर काबू पाया।
इस घटना के बाद एसडीएम नीलेश शर्मा ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और किसानों को सख्त हिदायत दी कि वे नरवाई न जलाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कलेक्टर के सख्त आदेश हैं कि नरवाई जलाते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस तत्परता ने बड़ी दुर्घटना को टालने के साथ-साथ किसानों को नियमों का पालन करने का सख्त संदेश भी दिया है।








