इटारसी। सेंट जोसेफ्स कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र परिषद के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होशंगाबाद-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, प्रार्थना और छात्र-छात्राओं की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
सांसद चौधरी ने छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज व सैश पहनाकर उत्तरदायित्व सौंपे और निष्ठा, अनुशासन, सेवा व नेतृत्व की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को देश का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए राष्ट्र सेवा और ईमानदारी से कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा दी। इस अवसर पर सांसद ने विद्यालय परिसर में ‘सेंट जोसेफ्स प्ले स्कूलÓ का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ भी किया। उन्होंने प्ले स्कूल की आधुनिक और बाल-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक मजबूत नींव बताया।
विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर पुष्पा ने मुख्य अतिथि का आभार जताते हुए कहा कि यह प्ले स्कूल क्षेत्र के नन्हे बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। अंत में स्कूल प्रधानमंत्री शिवांशी वर्मा ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।











