इटारसी। विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर नर्मदापुरम जिले के सुखतवा स्थित भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा साक्षरता कार्यशाला, पोस्टर मेकिंग और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था।’सब पढ़े, सब बढ़े’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में ममता कासदे ने प्रथम, शालू कुमरे ने द्वितीय और स्नेहा मांडवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में उदिता पहले, शेख कशिश दूसरे और तानिया खान तीसरे स्थान पर रहीं। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने स्वयं शिक्षा के महत्व को समझने और अपने परिवार तथा समाज में साक्षरता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजशास्त्र की विभागाध्यक्ष श्रीमती कामधेनु पटोदिया ने कहा कि साक्षरता व्यक्ति को उसके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर उसे आत्मनिर्भर व सशक्त बनाती है। वहीं, डॉ. राधा आशीष पांडे ने एक मजबूत समाज के निर्माण में शिक्षित नागरिकों की अहम भूमिका पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रवीण कुशवाहा, डॉ. भावना यादव, डॉ. डाली पथोंरिया सहित महाविद्यालय की छात्राएं और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ स्वयंसेवक गोविंद यादव ने आभार व्यक्त किया।










