अनुभूति कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वाइल्ड लाइफ से परिचित कराया

सोहागपुर। अनुभूति कार्यक्रम अंतर्गत वन मंडल नर्मदापुरम की सोहागपुर परिक्षेत्र की शासकीय शाला कामती रंगपुर के छात्र-छात्राओं को वाइल्ड लाइफ से अवगत कराया। घिरियादेव में कामती रंगपुर के 38 छात्र एवं 73 छात्राएं सहित कुल 111 और 4 शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल हुए।
अनुभूति प्रेरक रामकिशोर चौरे रिटायर्ड अपर वन मंडल अधिकारी एवं रामरतन चौधरी रिटायर्ड वन क्षेत्रपाल ने अनुभूति के संबंध में जानकारी दी, प्रकृति पथ पर पेड़, पौधों, घांस, औषधीय पौधों की पहचान, उपयोग, वृक्ष एवं वनों के महत्व, पर्यावरण, खाद्य श्रृंखला, दीमक की बामी, तेंदू पत्ता संग्रहण की जानकारी, महुआ के उपयोग, नदी, नाले में जल का प्रवाह, भू जल संरक्षण की जानकारी दी।
दोपहर में चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नपत्र हल करवाया। इस दौरान वन विभाग की संरचना एवं विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती, पदोन्नति एवं पदों की जानकारी दी। अखिल भारतीय सेवाओं की जानकारी एवं उनकी भर्ती संबंधी जानकारी दी। तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों को एकलव्य योजना के तहत म. प्र. शासन द्वारा 8 वीं से कॉलेज स्तर तक दी जाने वाली छात्रवृत्ति की जानकारी दी।
बच्चों को पनिया एवं कोबरा नाग का प्रदर्शन कर बचाव दल द्वारा बचाव कार्य (रेसक्यू) समझाया। नेचर वॉलेंटियर का चयन किया, फीडबैक फार्म भरवाए, शपथ ग्रहण करवाई एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम में श्रीमती रचना शर्मा, उपवनमण्डल अधिकारी, राजुल कटारे, रेंज आफिसर ने भी विभिन्न जानकारी दी। वन कर्मचारी उपस्थित रहे।