इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए 15 जुलाई तक विशेष प्रवेश मेला आयोजित किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता के निर्देशन में शुरू हुए इस मेले का उद्देश्य उच्च शिक्षा से छूटे हुए छात्रों को दाखिले का सुनहरा अवसर देना है।
प्रवेश अधिकारी डॉ. रश्मि तिवारी ने बताया कि जिन छात्रों का प्रवेश किसी कारणवश छूट गया है, वे कॉलेज के हेल्प काउंटर पर आकर पंजीयन, चॉइस फिलिंग, सीट आवंटन और शुल्क जमा करने जैसी तमाम प्रक्रियाएं एक ही दिन में पूरी कर सकते हैं।
डॉ. ओपी शर्मा के अनुसार, स्नातक (जी) स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए और स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर एमए (विभिन्न विषय), एमएससी (विज्ञान व कंप्यूटर) और एमकॉम में तत्काल प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है।
उच्च शिक्षा संचालनालय के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को भटकना न पड़े, इसके लिए कॉलेज की कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की समितियां एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। कॉलेज प्रशासन ने पात्र छात्र-छात्राओं से समय पर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।











