- हरदा की बालिका का शिशु सहित परिवार में पुनर्वास
इटारसी। मुस्कान बालिका गृह में संरक्षण प्राप्त कर रही तीन बालिकाओं के पुनर्वास की दिशा में बाल कल्याण समितियों के समन्वय से महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इसके तहत हरदा जिले की एक पीडि़त बालिका, जो गर्भावस्था के दौरान यहां आई थी, संस्था ने उसकी देखभाल कर सुरक्षित प्रसव कराया। अब न्यायालय के आदेश और हरदा बाल कल्याण समिति के माध्यम से उस बालिका को उसके नवजात शिशु सहित परिजनों के सुपुर्द कर परिवार में पुनर्वासित कर दिया गया है।
दिव्यांग और पॉक्सो पीडि़त बालिकाओं की घर वापसी
नर्मदापुरम में मिली एक दिव्यांग बालिका पिछले करीब दो वर्षों से संस्था में रह रही थी। संस्था के प्रयासों से पता चला कि वह बैतूल जिले के शाहपुर की निवासी है। दोनों जिलों की समितियों के समन्वय के बाद बालिका को आगे की प्रक्रिया के लिए बैतूल भेज दिया है। वहीं, एक अन्य मामले में रायसेन जिले की पॉक्सो प्रकरण की पीडि़त बालिका को भी बाल कल्याण समिति के माध्यम से सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया है।
पांच जिलों की बालिकाओं का निरंतर हो रहा संरक्षण
मुस्कान बालिका गृह में लगातार पांच जिलों से ऐसी बालिकाएं संरक्षण के लिए आ रही हैं, जो विषम परिस्थितियों, प्रेम प्रसंग या पॉक्सो जैसे मामलों से जुड़ी हैं। संस्था इन सभी बालिकाओं की उचित देखभाल, सुरक्षा और काउंसलिंग के साथ-साथ उनके सुरक्षित पारिवारिक पुनर्वास के लिए संबंधित समितियों के साथ मिलकर निरंतर काम कर रही है।











