इटारसी। कला और संस्कृति के संरक्षण में समर्पित इटारसी के सुप्रसिद्ध मंच संचालक सुनील बाजपेयी को ओरछा की पावन धरा पर एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद स्मृति समिति (आजाद कुटी) एवं युवनाद संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में, अनंत विभूषित संत श्री रावतपुरा सरकार के करकमलों से श्री बाजपेयी को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
समिति के अध्यक्ष और प्रख्यात कवि सुमित मिश्रा ने बताया कि श्री बाजपेयी पिछले 25 वर्षों से नर्मदापुरम जिले में शास्त्रीय संगीत, भारतीय लोक संस्कृति और साहित्य के प्रचार-प्रसार में निस्वार्थ भाव से सक्रिय हैं। इसी समर्पण को देखते हुए उन्हें इस वर्ष के विशिष्ट सम्मान के लिए चुना गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र से डॉ. मनोज मिश्रा (ग्वालियर) और समाजसेवा से आरके भदौरिया जैसी हस्तियों को भी नवाजा गया।
सुनील बाजपेयी की इस उपलब्धि पर सुधीर गोठी, हेमंत शुक्ला, जम्मू सिंह उप्पल, जितेंद्र ओझा, जाफर सिद्दीकी, नवनीत कोहली, नीरज चौहान, दिनेश उपाध्याय, एस.पी. मिश्रा, संजय बाजपेयी, सौरभ शुक्ल, संतोष भारद्वाज, सत्येंद्र तिवारी, प्रकाश दुबे एवं श्रीमती राधा मैना आदि ने उनको बधाई प्रेषित की है।









