- – 14 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता ही सेवा अभियान
इटारसी। केन्द्र सरकार के स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज विभिन्न वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया और नागरिकों ने उनके यहां सफाई करने वाले स्वच्छता दूतों का सम्मान भी किया। इस दौरान वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे। आज रविवार को वार्ड 15,16 और 17 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अवसर पर वार्ड 16 में पार्षद अमित कापरे, स्वच्छता विभाग से उपयंत्री मयंक अरोरा, कमलकांत बडग़ोती, पप्पू मालवीय सहित अनेक स्वच्छता दूत मौजूद रहे।
स्वच्छता के लिए श्रमदान
स्वच्छता ही सेवा जन आंदोलन के तहत स्वच्छता के लिए श्रमदान के साथ सामूहिक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’ 14 सितंबर, 2024 से 2 अक्टूबर, 2024 तक ‘स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता’ की थीम पर मनाया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 का उद्देश्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में अधिक जागरूकता पैदा करना है, जिसमें पौधरोपण एक प्रमुख गतिविधि है। यह पहल, स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ और हरित भारत को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है, जिसे 2 अक्टूबर गांधी जयंती को प्रधानमंत्री द्वारा 2014 में किये इसके शुभारंभ की 10 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।
मेजर ध्यानचंद चौक पर सफाई

इस तरह के कार्यक्रमों में नागरिकों की भागीदारी, स्वयं सेवकों और अन्य संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। आज चौक-चौराहों की सफाई के अंतर्गत मेजर ध्यानचंद चौराह पर हॉकी खिलाडिय़ों ने अभियान का हिस्सा बनकर इसमें अपने नागरिक दायित्व का निर्वहन किया। खिलाडिय़ों ने नगर पालिका के स्वच्छता दूतों के साथ मिलकर चौराहे की सफाई में सहयोग किया। आज सफाई कर्मचारियों का विभिन्न वार्डों में सम्मान किया गया। इससेपूर्व उनके लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया था। जो स्वच्छता दूतों को सामाजिक सुरक्षा कवरेज प्रदान करने का उद्देश्य पूरा करता है। इस दौरान उपस्थित वार्ड के नागरिकों और स्वच्छता दूतों को ‘स्वच्छता शपथ’ भी दिलाई गई।











