इटारसी। स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस पर महाविद्यालय में सामूहिक सूर्यनमस्कार, भाषण प्रतियोगिता, चित्र प्रदर्शनी शिकागो व्याख्यान के वीडियो का प्रसारण हुआ।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय इटारसी में उच्च शिक्षा मध्य प्रदेश शासन के निर्देश के परिपालन एवं प्राचार्य डॉ राकेश मेहता के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। योगाचार्य राकेश चौहान के नेतृत्व में महाविद्यालय स्टाफ एवं एनसीसी, एनएसएस सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार किया गया जिसमें सूर्य नमस्कार के 12 चक्र प्रणामासन, हस्तउत्तनासन, हस्तपादासन, अश्वसंचालानासन, दण्डासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन, अधो मुख शवासन, पर्वतासन, आदि योग एवं सूक्ष्म अभ्यास किए गए।

सूर्य नमस्कार के उपरांत ‘स्वामीविवेकानंद शाश्वत प्रेरणा के स्रोत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा कोमल मनवारे, द्वितीय स्थान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सुहानी उपाध्याय एवं तृतीय स्थान पर बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र सूरज केवट ने प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के जीवन संबंधित विभिन्न चित्रों की प्रदर्शनी लगाई। साथ ही स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो व्याख्यान से संबंधित वीडियो प्रसारित किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने उस ऐतिहासिक व्याख्यान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 11 सितंबर 1893 में शिकागो शहर में हुई उस विश्व धर्म सभा में स्वामी जी की आयु केवल 30 वर्ष थी, उन्हें उस सभा में 2 मिनट बोलने का अवसर दिया गया था, परंतु उन्होंने उस 2 मिनट में अपने देश की संस्कृति, धर्म, सहिष्णुता और सार्वभौमिकता को इस तरह प्रचारित किया कि उसके बाद भारत को हर बड़े मंच पर सम्मान दिया जाने लगा। उसे ऐतिहासिक व्याख्यान को महाविद्यालय स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने एकाग्रता और ध्यान से देखा और सुना। राष्ट्रीय गान एवं मध्य प्रदेश गान के साथ वंदे मातरम के उद्घोष के साथ संपन्न हुआ।








