नर्मदापुरम। साई कृष्णा हिल व्यू रिजॉर्ट में जिला फुटबॉल संघ की नवीन कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीता सरन शर्मा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा और सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ठाकुर सहित कई विशिष्ट गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवीन कार्यकारिणी
अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल, सचिव अरविंद सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह चौहान एवं मयूर जायसवाल, कोषाध्यक्ष आशीष डेविड, स्थायी सदस्य दीपक परदेसी सदस्य विजय पुरोहित, सचिन पूर्विया, उदय राजपूत, बबलू रैकवार एवं अक्षत तिवारी शामिल हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पदाधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संघ का कार्य केवल टूर्नामेंट तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों को मैदान तक लाना और एक सकारात्मक खेल संस्कृति विकसित करना उनकी मुख्य जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल और जीवन दोनों में अनुशासन व निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। नवनियुक्त अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में आश्वासन दिया कि वे जिले की फुटबॉल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी लगन से कार्य करेंगे।
क्लबों व संस्थाओं ने किया स्वागत
इस अवसर पर रोटरी क्लब इटारसी-नर्मदापुरम और लायंस क्लब फ्रेंड्स इटारसी के साथ-साथ जिले के विभिन्न फुटबॉल क्लबों ने नई कार्यकारिणी का भव्य स्वागत किया। समारोह में पिपरिया, पचमढ़ी, सोहागपुर और इटारसी के खिलाड़ियों व खेलप्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश शर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन दीपक परदेसी ने किया।











