इटारसी । पश्चिम बंगाल विधानसभा निर्वाचन के आगामी चरण के लिए मतदान जागरूकता को नई धार देते हुए **स्वीप आइकन सारिका घारू ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर, सारिका घारू ने नागरिकों से “फोन घुमाओ, मतदान प्रतिशत बढ़ाओ” का आह्वान करते हुए अपील की है कि वे राज्य में रहने वाले अपने परिचितों और रिश्तेदारों को वोट डालने के लिए प्रेरित करें।
लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने बांग्ला भाषा में भी संदेश जारी किया है, ताकि स्थानीय स्तर पर जुड़ाव को और मजबूत किया जा सके।सारिका घारू ने इस बात पर जोर दिया कि एक सशक्त लोकतंत्र की नींव हर एक वोट की कीमत पर टिकी होती है। उन्होंने युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग से आग्रह किया है कि वे केवल स्वयं मतदान न करें, बल्कि सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से इस संदेश को घर-घर तक पहुँचाएं।
लंबे समय से मतदाता जागरूकता के लिए अभिनव प्रयोग करने वाली सारिका की इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदान के दिन मतदाताओं की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करना और एक जागरूक नागरिक के रूप में उनके कर्तव्यों को याद दिलाना है। मुख्य संदेश यह है कि “यदि आपके मित्र या रिश्तेदार पश्चिम बंगाल में हैं, तो उन्हें फोन कर 23 अप्रैल को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें।”










