इटारसी। रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 17631/17632 नान्देड–टनकपुर–नान्देड साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू करने जा रहा है। भोपाल रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन नान्देड से 12 जुलाई और टनकपुर से 14 जुलाई 2026 से नियमित रूप से चलेगी।
यह एक्सप्रेस ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। गाड़ी संख्या 17631 नान्देड से हर रविवार को रात 23:40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पूर्णा, अकोला, खंडवा होते हुए अगले दिन दोपहर 11:55 बजे इटारसी, 13:40 बजे रानी कमलापति और 15:55 बजे बीना पहुंचेगी, जहाँ से आगे बढ़ते हुए मंगलवार सुबह 05:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 17632 टनकपुर से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 09 बजे प्रस्थान करेगी। यह बरेली, आगरा, झांसी होते हुए देर रात 00:50 बजे बीना, रात 02:40 बजे रानी कमलापति और तड़के 04:15 बजे इटारसी पहुंचेगी। यहाँ से खंडवा व अकोला होते हुए बुधवार शाम 16:30 बजे नान्देड पहुंचेगी।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले वे हेल्पलाइन नंबर 139 या NTES के माध्यम से ट्रेन की सही स्थिति की जांच जरूर कर लें।










