इटारसी। मुख्य मार्ग पर रफ्तार और नशे का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात रैसलपुर मेन रोड पर एक सफेद रंग की टाटा पंच कार नंबर एमपी 04 जेडक्यू 8515 के चालक ने बेहद लापरवाही और तेजी से वाहन चलाते हुए एक ट्रक में टक्कर मार दी। जब मौके पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश की, तो कार के भीतर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। कार के अंदर भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई थी।
एक्सीडेंट के बाद खुली पोल, 62 लीटर शराब जब्त
घटना 2 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाने से उपनिरीक्षक सुरेश चौहान मौके पर पहुंचे और 3 जुलाई की तड़के 2:58 बजे मामले में कार्रवाई की गई। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके भीतर से 62.082 लीटर अवैध देशी प्लेन मदिरा बरामद की। जब्त की गई इस अवैध शराब की कुल कीमत 33,480 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए (फरियादी स्वयं बनकर) टाटा पंच कार के चालक और उसके बगल वाली सीट पर बैठे सह-आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।











