इटारसी। जिले में बढ़ती तपिश और लू के प्रकोप को देखते हुए शिक्षक कल्याण संगठन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठाई है। शनिवार प्रात: संगठन के जिला संयोजक राजकुमार दुबे ने आने वाले कलेक्टर सोमेश मिश्रा को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर सरकारी स्कूलों के समय में परिवर्तन की मांग की है।
ज्ञापन में बताए ये मुख्य कारण
- भट्टी की तरह तप रहे भवन : संगठन का कहना है कि शाला भवनों की गुणवत्ता ठीक न होने और बिजली-पंखों के अभाव में दोपहर में कक्षाएं किसी भट्टी से कम नहीं होतीं।
- पेयजल संकट : हैंडपंपों का जलस्तर गिरने से बच्चों के लिए पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
- नंगे पांव आने की मजबूरी : ग्रामीण क्षेत्रों में कई बच्चे चिलचिलाती धूप में नंगे पांव स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं, जिससे उनके बीमार होने का खतरा है।
- विदिशा का हवाला : ज्ञापन में तर्क दिया है कि जब विदिशा जिले में स्कूल सुबह की शिफ्ट में किए जा सकते हैं, तो नर्मदापुरम में देरी क्यों?
शिक्षक कल्याण संगठन ने अनुरोध किया है कि नवीन सत्र की सार्थकता और छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का संचालन दोपहर के बजाय प्रात: कालीन शिफ्ट में करने के आदेश तत्काल जारी किए जाएं।










