इटारसी। बस स्टैंड क्षेत्र से नगर पालिका द्वारा लगवाई गई लोहे की रेलिंग चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली है।
चोरी और गिरफ्तारी
थाना इटारसी में 8 दिसंबर 2025 को फरियादी कमलेश कश्यप पिता सेवाराम कश्यप, जो नगर पालिका इटारसी में कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 12 नवंबर 2025 के आस-पास बस स्टैंड पर नगर पालिका द्वारा लगवाई गई लोहे की दो रेलिंग को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था।
इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान, 9 दिसंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओझा बस्ती इटारसी निवासी सुभाष कहार पिता अशोक कहार, उम्र 20 साल ने यह चोरी की है।
पूछताछ और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी सुभाष कहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 11 नवंबर 2025 की रात को बस स्टैंड से दो लोहे की रेलिंग चोरी की थीं और उन्हें 18 बंगला खंडहर रेलवे क्वार्टर के बाड़े में छिपाकर रखा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और चोरी की गई दो लोहे की रेलिंग जब्त कर ली, जिनकी अनुमानित कीमत 35,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया है।







