- प्रसिद्ध रंगमंडल ‘विवेचना’ और डबिंग आर्टिस्ट सोनू पाहुजा के जीवंत अभिनय ने बांधा समां
- ग्राम पंचायत ने सहेजी व्यंग्यकार की स्मृतियां, परिजनों ने जन्मभूमि के विकास के लिए खोले दान के द्वार
इटारसी। हिंदी साहित्य में जब भी धारदार व्यंग्य की बात होती है, तो हरिशंकर परसाई का नाम सबसे ऊपर आता है। उनके बेबाक व्यक्तित्व और कालजयी कृतित्व से हर कोई वाकिफ है, लेकिन यह किसी लेखक की सच्ची और सबसे बड़ी कमाई है कि दशकों बाद भी उसका गांव उसकी स्मृतियों को एक उत्सव की तरह सहेज कर रखे। इटारसी के समीप परसाई की जन्मभूमि ग्राम जमानी में कुछ ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘हरिशंकर परसाई स्मृति समारोह’ में साहित्य, रंगमंच और कला जगत की नामचीन हस्तियां एक ही मंच पर एकत्र हुईं और गांव की चौपाल किसी बड़े राष्ट्रीय कला महोत्सव में तब्दील हो गई।
रंगमंच के दिग्गजों ने किया परसाई को जीवंत

समारोह में जबलपुर के ख्यातिप्राप्त ‘विवेचना रंगमंडल’ के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से जान डाल दी। उन्होंने परसाई की रचनाओं पर आधारित नाटक ‘परसाई की संसद’ का सशक्त मंचन किया, जिसमें छात्र आंदोलन की आंच को पूरी शिद्दत से महसूस कराया गया। वहीं, जबलपुर से ही निकले और बॉलीवुड में अपनी दमदार आवाज का लोहा मनवा चुके डबिंग आर्टिस्ट सोनू पाहुजा ने परसाई की याद में ‘लेखक एक छोटा सा’ नामक एकल नाट्य मंचन किया। पाहुजा के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को बरबस ही परसाई के दौर में पहुंचा दिया। इसकी लेखिका अलका अग्रवाल सेजतिया हैं।
चित्रकार अवधेश बाजपेयी को मिला ‘परसाई सम्मान’
हरिशंकर परसाई स्मृति समिति एवं ग्राम पंचायत जमानी के इस संयुक्त आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार, कथाकार एवं संपादक राजेन्द्र दानी मौजूद रहे। इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘हरिशंकर परसाई सम्मान’ सुप्रसिद्ध चित्रकार अवधेश बाजपेयी को प्रदान किया गया। सम्मान पाकर भावुक हुए बाजपेयी ने कहा, ‘मैंने परसाई जी से बहुत कुछ सीखा है, आज मैं जो भी हूं, उन्हीं की बदौलत हूं।’
गांधी और परसाई : समाज के सजग प्रहरी
संबोधित करते हुए निर्मल शुक्ल ने बेहद प्रासंगिक बात कही। उन्होंने गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी और परसाई अपने-अपने समय में समाज के सबसे सजग प्रहरी थे। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक पलास सुरजन ने ग्राम पंचायत जमानी की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक महान लेखक को उसका गांव इतने वर्षों बाद भी याद करके ऐसा भव्य आयोजन कर रहा है, यह परंपरा हर लेखक के गांव में होनी चाहिए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट बालेन्दु परसाई ‘बाप’ की कार्टून प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें मौजूदा हालात पर किए तीखे व्यंग्य को दर्शकों ने खूब सराहा।
जन्मभूमि के विकास के लिए लाखों का दान
समारोह केवल स्मृतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जन्मभूमि का कर्ज चुकाने की मिसाल भी बना। परसाई के परिवार से उनके दामाद डॉ. शक्ति सिंह ने गांव के विकास के लिए एक लाख रुपये और प्रकाश दुबे ने 1 लाख 11 हजार रुपये देने की मंच से घोषणा की। इस आयोजन का संचालन कार्यक्रम संयोजक हेमंत दुबे ने किया और आभार डॉ. सुभाष दुबे ने माना। मंच पर वरिष्ठ नागरिक अश्वनी दुबे और ग्राम पंचायत जमानी की सरपंच कला कुमरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन इस बात का प्रमाण बन गया कि जड़ें अगर मजबूत हों, तो स्मृतियों का वृक्ष हमेशा हरा-भरा रहता है।











