इटारसी। सोमवार की दोपहर शहर की सब्जी मंडी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम बेंगनिया निवासी सुनील पटेल को कुछ अज्ञात युवक एक वाहन में बैठाकर एकाएक अपने साथ ले गए। परिजनों और दोस्तों द्वारा तत्काल पुलिस से मदद मांगने पर सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुलासा सुनील पटेल को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ले जाए जाने की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस ने तुरंत मोबाइल लोकेशन ट्रेस की।
लोकेशन न्यू यार्ड क्षेत्र की मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुनील पटेल को सुरक्षित बरामद कर सिटी थाने ले आई। अपहरण नहीं लेन-देन का मामला थाने में की गई जांच और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई अपहरण का मामला नहीं था, बल्कि नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़े 55 हजार के लेन-देन का विवाद था। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला मंडीदीप स्थित एक कंपनी में पैसे जमा करने और उसके विवाद से संबंधित था।
सुनील पटेल और कंपनी से जुड़े अन्य युवक इसी विवाद को लेकर आपस में बातचीत करने पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी पक्ष ने अपहरण की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सिटी पुलिस ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की जांच की और स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि मंडीदीप कंपनी के पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने गलतफहमी में अपहरण समझ लिया था।








