नर्मदापुरम। स्वतंत्रता दिवस परेड की फाइनल रिहर्सल के उपरांत हर घर तिरंगा रैली में कलेक्टर सोनिया मीणा और एसपी गुरकरण सिंह हाथों में तिरंगा लेकर निकले। जिला मुख्यालय नर्मदापुरम में ‘हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज की आन-बान-शान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंजा नर्मदापुरम।
शासन प्रशासन एवं स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा जिलेवासियों को हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया गया। पुलिस लाइन से निकली तिरंगा रैली में देशभक्ति का अद्वितीय उत्साह एवं जोश देखने को मिला। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर मिनाक्षी चौक होते हुए अजाक चौक तक पहुंची और पुन: पुलिस लाइन में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस रावत, एसडीओपी नर्मदापुरम जितेंद्र पाठक, रक्षित निरीक्षक सुश्री स्नेहा चंदेल, थाना प्रभारी कोतवाली सुश्री कंचन ठाकुर, थाना प्रभारी देहात सौरभ पांडे सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिन्होंने हाथों में तिरंगा थामे, राष्ट्रभक्ति के गीत गाते हुए और नारों के साथ शहरवासियों को एकता, भाईचारा एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनमानस में उत्साह का संचार करना एवं नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना जागृत करना था। रैली के दौरान पुलिस बल द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू रखी गई, जिससे पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।











