इटारसी। सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है होली का त्योहार। यह हमें बुराई को त्यागकर अच्छाई अपनाने का संदेश देता है। यह बात आज बचपन ए प्ले और एएचपीएस इटारसी के संयुक्त तत्वावधान में फूलों एवं गुलाल की होली खेलते समय बच्चों को बतायी गई। स्कूल संचालक दीपक दुगाया ने बताया कि आज सुबह से स्कूल में बच्चे होली देखने और खेलने के लिए उत्साहित थे।


सुबह बच्चों को ओडियो-वीडियो के माध्यम से होली किस तरह और क्यों मनाई जाती है, यह दिखाया गया। तत्पश्चात बच्चों को ‘सेव वॉटर’ पर पपेट शो और सूखी होली के विषय के भी जानकारी दी गई।
स्कूल हेड मंजू ठाकुर ने बताया कि बच्चों के बीच होली मनाने का हमारा उद्देश्य होली को लेकर बच्चों के मन पर सकारात्मक प्रभाव डालना था। साथ ही उन्हें बचपन से ही इको फ्रेन्डली होली के प्रति जागरूक करना है। फूलों की होली कार्यक्रम का प्रारंभ राधा कृष्ण जी की प्रतिमा पर फूल और गुलाल एवं राधा कृष्णा बने जिग्यांश और अनवी को गुलाल लगा किया गया।

इसके पश्चात बच्चों ने आपस में मिलकर गुलाल लगाया और फूलों से होली खेली। पहली बार फूल और गुलाल से होली खेलते और नाचते बच्चे जहां हेप्पी होली कह कर गले लगे, वहीं सेव वॉटर के नारे भी लगाए। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान का वितरण किया गया।

इस अवसर पर संचालक दीपक दुगाया एवं स्कूल हेड मंजू ठाकुर उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के पूर्व बच्चों ने होली से संबंधित एक्टिविटी फूलों की रंगोली, होली कार्ड, हैंड प्रिंट आर्ट की।