- आदिवासी युवा संघ ने किया गरिमामयी आयोजन, समाज सादर आमंत्रित
इटारसी। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर कल 9 जून को शहर में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उन्हें सादर नमन कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
यह आयोजन मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ के तत्वावधान में पुरानी इटारसी क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें संपूर्ण आदिवासी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम 9 जून, मंगलवार को प्रात: 11 बजे से रानी दुर्गावती नगर, पुरानी इटारसी, वार्ड क्रमांक 03 में होगा।
आयोजन समिति के आकाश कुशराम ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति, पितृशक्ति, युवा शक्ति के साथ-साथ सभी सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों से इस गौरवमयी आयोजन में सादर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सामूहिक रूप से भगवान बिरसा मुंडा जी के योगदान का स्मरण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जा सके।










