इटारसी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय इटारसी के दंत चिकित्सा विभाग में 21 वर्षीय युवती एक गंभीर समस्या को लेकर पहुंची। उसके ऊपरी होंठ में पिछले 5 महीने से लगातार गठान बढ़ रही थी। जिसका आकार लगभग 2सेमी गुना 2 सेमी के आसपास हो गया था, जो धीरे-धीरे उसके रोजमर्रा की जिंदगी के साथ आत्मविश्वास को भी प्रभावित कर रही थी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश चौधरी के नेतृत्व में दंत चिकित्सा विभाग के डॉ. अनिल बुनकर, डॉ. कुलदीप सिंह ठाकुर, डॉ. प्रेसी येसुदास एवं एमटीडब्ल्यू रेखा शर्मा ने ब्लड टेस्ट एवं रेडियोग्राफिक जांचों के बाद कुशलतापूर्वक गठान को निकाल दिया तथा गठान की बायोप्सी जांच के बाद यह गठान लारग्रंथी का ट्यूमर प्लीयोमॉर्फिक एडिनोमा निकला।
सर्जरी के बाद के फॉलोअप जांच में युवती पूरी तरह से स्वस्थ और अपनी रोजमर्रा के कार्य करने में पूर्ण रूप से सक्षम है। यह कामयाब सर्जरी, सरकारी अस्पताल के दंत चिकित्सकों के कार्य दक्षता को भी दर्शाता है।










