नर्मदापुरम। चंद पैसों के लालच में चंद मुनाफाखोर किस हद तक गिर सकते हैं, इसका घिनौना नमूना माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में देखने को मिला है। शासकीय योजनाओं और सरकारी खरीद की आड़ में जनता व किसानों की आंखों में धूल झोंकने का गंदा खेल चल रहा था। वेयरहाउस में अनाज की जगह बोरियों में मिट्टी भरकर रखी जा रही थी। हालांकि, इस घटिया करतूत की शिकायत मिलते ही प्रशासन ने त्वरित और तगड़ा प्रहार किया है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के सख्त निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने कनकधारा वेयरहाउस पर औचक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान जब मूंग की बोरियों की गहन जांच की गई, तो अधिकारी भी सन्न रह गए। भंडारित मूंग में न केवल तय मानकों से कहीं ज्यादा मिट्टी मिली हुई थी, बल्कि कई बोरियां तो पूरी तरह मिट्टी से ही लबालब भरी पाई गईं।
वेयरहाउस तुरंत सील, सैंपल जांच के लिए भेज दिए
मुनाफाखोरी और धोखाधड़ी की इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बिना देरी किए कड़ा एक्शन लिया। उनके निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने कनकधारा वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
सैंपल जब्त : अमानक मूंग के नमूने (सैंपल) लेकर लैब परीक्षण हेतु भेज दिए गए हैं।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी : प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों पर नियमानुसार सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हक पर डाका बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने साफ कहा कि शासकीय योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और सरकारी तंत्र को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिले में ऐसे औचक निरीक्षण और कठोर कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा भारी प्रशासनिक अमला

इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के समय एसडीएम नर्मदापुरम देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित दल के साथ डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार, उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, एमपीडब्ल्यूएलसी के शाखा प्रबंधक, नेफेड के प्रतिनिधि तथा तहसीलदार माखननगर सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहे।











