इटारसी। न्यास कॉलोनी के पीछे स्थित समरसता नगर में गरीब परिवारों के लिए बन रही पक्की छतों का काम अब अंतिम चरण में पहुंच रहा है। मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
14 मार्च को हुए भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य ने गति पकड़ी है। वर्तमान में मकानों के पिलर तैयार हो चुके हैं और अब छतों को ढालने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि काम समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आगामी मानसून से पहले 50 गरीब परिवारों को टपकती छतों और अस्थाई आवास की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। निरीक्षण के दौरान मौजूद उपयंत्री मयंक अरोरा को सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।










