इटारसी। नगर में रक्षाबंधन के त्योहार के दूसरे दिन रविवार को भुजरिया का पर्व मनाया। भक्ति भाव से घरों में दोपहर के बाद भुजरिया की विशेष पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालु महिलाओं ने सोना सांवरी एवं मेहरागांव सहित आसपास के जलस्रोतों में भुजरिया का विसर्जन किया।
भुजरिया पर्व पर पारंपरिक परंपरा का निर्वहन करते हुए नगर के नाला मोहल्ला क्षेत्र मेहरा गांव एवं आसपास के सुदूर ग्रामीण अंचलों में डंडा प्रतियोगिता विशेष रूप से आयोजित की गई जिसमें टोलियों ने नृत्य करते हुए भक्ति में भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालु महिलाओं के द्वारा सामूहिक रूप से भुजरिया का नदियों में विसर्जन किया। शाम के समय लोगों ने एक दूसरे को भुजरिया देकर त्योहार की शुभकामनाएं दी। शोकमग्न परिवारों में पहुंचकर भी भुजरिया दी गई।
न्यू गरीबी लाइन में भी परंपरानुसार भाद्र कृष्ण प्रतिपदा की शुभ तिथि पर संध्या समय भुजरियों को घर के अंदर झूला झुलाया, विधिवत पूजन-अर्चन कर राखी अर्पित की। घर-परिवार एवं आस-पड़ोस की महिलाओं ने भुजरियों की प्राचीन लोकगीतों के साथ परिक्रमा की, त अन्त में भुजरियों पर जल छिड़क कर विसर्जन किया, भगवान से सुखी-मंगल जीवन की कामना कर तत्पश्चात भुजरियों को तोड़कर सर्वप्रथम कुल देवी-देवता, भगवान को अर्पित की गई।











