---Advertisement---

आग देश में नहीं लगी, आपका मोदी के प्रति प्रेम देखकर विपक्ष के दिल में जलन हो रही है

By
On:
Follow Us

– पिपरिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को संबोधित किया

पिपरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को यहां पार्टी प्रत्याशी दर्शन सिंह और छिंदवाड़ा के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया। मंच पर नर्मदा मैया की जय के साथ संबोधन शुरू किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडिया गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणापत्र एक जिम्मेदारी होती है, देश की जनता के लिए प्रतिबद्धता होती है। उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है, ये भी उनकी बातों में कहीं नजर नहीं आता है। उनके एक साथी का घोषणापत्र कहता है कि देश से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। कोई देश ऐसा सोचेगा क्या? जैसी घातक इनकी सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणापत्र है।

भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के रूप में आपके सामने है। गांव हो या शहर, सरकार हर गरीब का पक्के घर का सपना पूरा करेगी। ये मोदी की गारंटी है। मोदी ने कहा कि अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। आग इनके दिल में लगी है। आग देश में नहीं लगी। जलन उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वो उनको अंदर से जलाती जा रही है। ये जलन भी मोदी के कारण नहीं है। ये जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रति प्रेम के कारण है। वो ये प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं। अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, जब मध्य प्रदेश ने पूरे देश को चौंका दिया था और होशंगाबाद ने तो कमाल कर दिया था। यहां से जो लहर उठी थी, वो लहर पूरे देश में फैल चुकी है। मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान और गरीब को समर्पित है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा और जो मन किया वो लिखवाया और खुद का ही महिमामंडन कराया। कांग्रेस की मानें तो लोकतंत्र तब ठीक चल रहा था, फल-फूल रहा था। लेकिन जैसे ही गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री बना वैसे ही कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है, संविधान और लोकतंत्र पर खतरा हो जाएगा। कांग्रेस वालों को पता नहीं है। ये बाबा साहेब का जो संविधान है, उसके कारण तो मोदी यहां पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मुझे कल बताया गया कि इतनी तेज बारिश यहां हुई थी कि लग रहा था आज कार्यक्रम कर पाएंगे कि नहीं कर पाएंगे, लेकिन आपका प्यार, आपका उत्साह देखने को मिला। रात-रात मेहनत करके इतना शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया। मैं आपका अभिनंदन करता हूं।

पीएम ने कहा कि आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। आज संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू यहां से ज्यादा दूर नहीं है। महू में उनका घर हो या देश-विदेश में वे जहां भी रहे, उन स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कभी नहीं दिया, वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। बाबा साहेब ने जो संविधान बनाया है, उसके कारण ही आज गरीब मां का बेटा, मोदी तीसरी बार आपसे सेवा करने का मौका मांग रहा है। मोदी ने जनता से पूछा कि आप बताइए शक्तिशाली भारत कौन बना सकता है।

जनता की ओर से मोदी-मोदी के नारे सुन पीएम ने मुस्कराते हुए कहा कि आप गलत जवाब दे रहे हैं। यह काम मोदी नहीं, आपका एक वोट कर सकता है। आपके वोट की ताकत ही देश को ताकतवर बनाएगी। देश को शक्तिशाली बनाएगी। पिपरिया में भाजपा की विजय संकल्प रैली के मंच पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री उदय प्रताप सिंह, मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्यसभा सदस्य माया नरोलिया, प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी, छिंदवाड़ा से प्रत्याशी विवेक बंटी साहू सहित स्थानीय नेता मौजूद रहे।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Leave a Comment

error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.