नर्मदापुरम। केसला आदिवासी ब्लॉक के गांवों में अवैध शराब की बेधड़क सप्लाई और बढ़ते अपराधों के विरोध में ‘हमारा गांव’ संगठन ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। शनिवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रभारी डीएसबी शाखा शंकर सिंह मुजालदा को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
संगठन के ब्लॉक संयोजक जयसिंह बारस्कर और प्रदेश संयोजक दुर्गेश धुर्वे ने बताया कि गांव-गांव में अवैध शराब पहुंचने से सामाजिक हिंसा और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो संगठन बड़े स्तर पर प्रशासन का घेराव करेगा। इस दौरान मनीष बारस्कर, आईटी प्रभारी विकास सेलूकर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।











