इटारसी। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों द्वारा शुरू की गई प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का व्यापक असर अब इटारसी में भी साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार सुबह से ही शहर के सभी सफाई कर्मचारी अपना काम बंद कर जयस्तंभ चौक पर एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उनकी मुख्य मांगों में 25 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन देना, वर्षों से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेका प्रथा की समाप्ति तथा मृत कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देना शामिल है। इसके अलावा वे सरकारी कर्मचारी का दर्जा, पेंशन सुविधा, समान कार्य का समान वेतन और समय पर वेतन भुगतान की भी पुरजोर मांग कर रहे हैं।


प्रदेश स्तर पर शासन के साथ सहमति न बनने के कारण 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई है, जिसके समर्थन में अब नर्मदापुरम और इटारसी के कर्मचारी भी पूर्णत: मैदान में उतर आए हैं। गुरुवार सुबह से शहर में न तो सफाई हुई और न ही कचरा उठाया गया। बाजार और रिहायशी मोहल्लों में कचरे का ढेर लगने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले शुरू हुई इस हड़ताल से आने वाले दिनों में नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इनका कहना है….
कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो रही है। आउटसोर्स वालों को भी काम नहीं करने दे रहे हैं और गाडिय़ां भी रोक रहे हैं। सभापति ने बात की थी, लेकिन वे मान नहीं रहे हैं। उनकी मांगें प्रदेश स्तर की हैं, वहीं से समाधान होगा, हम कुछ कर भी नहीं सकते हैं।
सुरेखा जाटव, सीएम











