इटारसी। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में आज दोपहर श्री द्वारिकाधीश मंदिर में रासलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। रासलीला कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का ऐसा मनमोहक मंचन किया कि बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। दोपहर दो बजे से शाम 6 बजे तक चली रासलीला में नटखट कान्हा की नन्हीं अदाओं, शरारतों और माँ यशोदा के ममत्व को केंद्र में रखकर कई सुंदर प्रसंगों का वर्णन किया गया।
माखन चोरी और मयूर नृत्य का अद्भुत मंचन

कलाकारों ने कृष्ण की प्रसिद्ध माखन चोरी की लीलाओं को जीवंत कर दिया, जब कृष्ण अपनी नटखट अदाओं से गोपियों के घरों में चोरी से घुसकर माखन खाते हैं। भक्तों को सबसे ज्यादा आनंद तब आया जब कृष्ण ने मयूर नृत्य प्रस्तुत किया और बाद में अपनी टोली के साथ मिलकर मटकी फोड़कर माखन खाया।
एक मार्मिक प्रसंग में, कृष्ण अपनी शरारतों और नटखट अंदाज से माता यशोदा को इतना परेशान करते हैं कि प्रेम और क्रोध के मिश्रित भाव में माता यशोदा उन्हें ऊखल (मूसल) से बांध देती हैं। इस दृश्य ने मां और पुत्र के निश्चल प्रेम और अनूठी लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण किया।
भक्तों ने लिया रासलीला का आनंद
इस मनमोहक रासलीला का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में गणमान्यजन और नागरिक उपस्थित रहे। इनमें नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे, पार्षद राहुल प्रधान, अनिल गेलानी, आशीष मालवीय सहित सैकड़ों भक्तों ने सभी प्रसंगों का भरपूर आनंद उठाया और कलाकारों की कला की सराहना की। रासलीला का यह आयोजन भक्ति और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम रहा, जिसने इटारसी के भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से सीधा जोड़ दिया।











