इटारसी। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की जिला इकाई नर्मदापुरम द्वारा ‘हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम के संकल्प पत्र का विमोचन पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजगंज, इटारसी में हुआ। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के निर्देशानुसार 01 सितंबर 2025 को प्रदेश के सभी विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वर्तमान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने अपने कर कमलों से संकल्प पत्र का अनावरण किया।
इस अवसर पर जिले की सभी ब्लॉक, तहसील और नगर इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के बीच संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और विद्यालयों के प्रति गर्व की भावना को बढ़ावा देना है। जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने मंडल रचना, संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्तियों तथा वार्षिक सदस्यता 2025 की समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना की। केशव सिंह पटेल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई और जिला सचिव अजीत सिंह भदोरिया ने मंच संचालन किया। जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने 01 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
डॉ. शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री की न्यू इंडिया से संबंधित सोच के परिणाम मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा की जा रही पहल से अवश्य प्राप्त होंगे। उन्होंने इस पहल की सराहना की और शिक्षकों के प्रयासों को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया। जिला संगठन मंत्री नवीन पटेल ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में विकासखंड सिवनी मालवा, नर्मदापुरम, इटारसी, माखननगर, सोहागपुर, बनखेड़ी और केसला सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।








