- – नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के साथ किया जयस्तंभ के पास बाजार का निरीक्षण
इटारसी। जयस्तंभ के पास स्थित मार्केट की जर्जर हालत का निरीक्षण करने आज विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे पहुंचे। कल यहां एक दुकान में छत का प्लास्टर गिरने से एक युवा व्यापारी घायल हो गये थे। उनके सिर में टांके लगे हैं, हाथ, पैर, पीठ में भी चोट आयी है। आज निरीक्षण करके दोनों जन प्रतिनिधियों ने व्यापारियों से बातचीत की है। अभी विश्राम गृह में यहां के व्यापारियों से व्यापक चर्चा करके अगला प्लान बनाया जाएगा।
मौके पर ही मीडिया से चर्चा में विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि कल की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, अब ऐसी घटना न हो, इसके लिए त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं, मार्केट जर्जर हाल में है, न सिर्फ दुकानदार बल्कि राहगीर और ग्राहकों के लिए भी खतरनाक है, बातचीत की जा रही है, नया मार्केट बनायेंगे, तब तक दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। छह माह में नयी दुकानें बनेंगी, जो जहां है उनको वहीं दुकान दी जाएगी, रविशंकर शुक्ल मार्केट भी जर्जर है, वहां के व्यापारियों से भी आगामी समय में चर्चा करके उस पर भी निर्णय करके सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि कल की दुर्घटना के बाद आज विधायक जी के साथ निरीक्षण किया है। व्यापारियों से चर्चा की जा रही है, सकारात्मक परिणाम आएंगे, कल से ही एक्शन होगा, अन्य जर्जर भवनों पर भी काम करेंगे, इसे पायलट प्रोजेक्ट में लेकर व्यापारियों के समक्ष रखा जाएगा। यहां के व्यापारियों को वैकल्पिक व्यवस्था दे रहे हैं।










