इटारसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष जब पटवा लाइन और द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र में पहुंचे, तो वहां जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे। सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के पास गंदगी देखकर उन्होंने गहरी नाराजी जताई।
नगरपालिका अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद सफाई विभाग के दरोगा को तत्काल तलब किया और सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और रहवासी क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी एवं उपस्थिति की भी सख्त मॉनिटरिंग की जाए।
अध्यक्ष ने स्थानीय रहवासियों से भी सफाई को लेकर बातचीत की और सुझाव मांगे। कई लोगों ने बताया कि कचरा गाड़ी समय पर नहीं आती और कचरा कई बार सड़क पर फैला रहता है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बना रहता है। इस दौरान अध्यक्ष ने मौके पर ही सफाई कर्मचारियों की टीम बुलवाकर तत्काल सफाई कार्य शुरू करवाया और चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही सामने आई, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका अध्यक्ष श्री चौरे ने कहा कि शहर की साफ-सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषकर धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता से शहर की छवि बनती है। लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गैराज का किया निरीक्षण
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने ओवर ब्रिज के नीचे सफाई विभाग के गैराज का भी निरीक्षण किया । यहां उन्होंने सभी लोगों को निर्देश दिए कि वह समय पर अपने-अपने कचरा वाहन लेकर वार्डों में पहुंच जाए और कचरा कलेक्शन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें।










