- परिषद के सम्मेलन का एजेंडा भी जारी किया
- 27 फरवरी को परिषद के सम्मेलन में होगी चर्चा
इटारसी। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने नगरपालिका अमले के साथ न्यास कॉलोनी से चिकमंगलूर चौराहे तक लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नाला निर्माण का निरीक्षण किया। साथ ही नगर पालिका परिषद का 27 फरवरी को होने वाले परिषद के साधारण व्यापक सम्मेलन की तैयारी करते हुए एजेंडा जारी किया। 19 मुददों पर इस सम्मेलन में चर्चा होगी।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि कुल 19 विषयों पर परिषद में चर्चा होगी। जिसमें मुख्य रूप से शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त शहर बनाने व भिक्षुकों के पुनर्वास व उत्थान पर के विषय पर मंथन होगा। इसके अलावा 23 अप्रैल गौरव दिवस के अवसर पर 1 माह इटारसी में इटारसी उत्सव मेला लगाने, होर्डिंग्स किराया के लिए टेंडर निकालने सहित नगरपालिका स्वामित्व की दुकानों की किराया वृद्धि सहित अन्य विषय रखे गए हैं।
एमजीएम कॉलेज के पास किया निरीक्षण
एमजीएम कॉलेज के पास अभी नाला निर्माण के लिए कार्य चल रहा है। यहां पर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने एई मीनाक्षी चौधरी, उपयंत्री आदित्य पांडे, कांट्रेक्टर प्रशांत अग्रवाल के साथ निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उल्लेखनीय है कि नाला निर्माण चिकमंगलूर चौराहे तक होगा और करीब 1.5 करोड़ रुपये से बन रहा है।









