इटारसी।सभी नागरिकों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विगत दिनों से वार्ड क्रमांक 9, खेड़ा स्थित बंगाली कॉलोनी में पेयजल की समस्या सामने आ रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए आज नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे स्वयं जल विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पाइपलाइन के माध्यम से हो रहे जल वितरण की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पाइपलाइन में लगे वॉल्व की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर जल विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सही स्थान पर वॉल्व लगाए जाएं, जिससे सभी नागरिकों को उचित रूप से पेयजल मिल सके। साथ ही पंप ऑपरेटर को सख्त निर्देश दिए गए कि समय पर बारी-बारी से सभी लाइनों के वॉल्व खोले जाएं, ताकि घरों तक पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी पहुंच सके। वर्तमान में जल स्तर कम होने के कारण पाइपलाइन में पानी का दबाव कमजोर हो गया है, इसलिए सही स्थानों पर वॉल्व लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद राजकुमार यादव, एल्डरमैन आशीष कुमार मालवीय, वरिष्ठ नेता इंद्रजीत मालदार, जल विभाग के राजाराम मालवीय सहित अन्य कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।










