इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 10 का निरीक्षण किया। उनके साथ वार्ड प्रतिनिधि मुन्ना सिद्दीकी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री चौरे ने प्रस्तावित सड़क और नाली निर्माण कार्य के लिए स्थल देखा। उन्होंने अतिक्रमण हटाने को लेकर स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की।
इस मौके पर पाइपलाइन शिफ्टिंग और लीकेज पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए जल विभाग के प्रमुख को आवश्यक निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने साफ कहा कि किसी भी हालत में जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण से पूर्व अध्यक्ष पंकज चौरे ने सुबह ओवरब्रिज के नीचे स्थित जल कार्य शाखा का दौरा किया और पूरे शहर में जल वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जलकार्य विभाग के रविन्द्र जोशी को निर्देश दिए कि जहां-जहां भी पाइपलाइन लीकेज की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में लीकेज के कारण गंदा पानी लोगों के घरों तक न पहुंचे, यह सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसके लिए एक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।










