इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने गुरुवार सुबह 8 बजे एएचपी के-16 प्रधानमंत्री आवास मल्टी परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे परिवारों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। अध्यक्ष ने प्रत्येक परिवार का कुशलक्षेम पूछते हुए पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी।
पानी की टंकियों का निरीक्षण और निर्देश
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने मल्टी की छत पर जाकर पानी की टंकियों की स्थिति देखी। छत पर पानी जमा होने की शिकायत मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल इसका स्थायी समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। वहीं, रहवासियों ने समय पर पर्याप्त पेयजल मिलने को लेकर संतोष व्यक्त किया।
असामाजिक तत्वों पर नकेल, टूटी दीवार का होगा निर्माण
रहवासियों ने परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए बताया कि कंपाउंड की दीवार को दो जगहों से असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है, जिससे बाहरी अनजान लोगों का आना-जाना बढ़ गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष पंकज चौरे ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और क्षतिग्रस्त दीवार जल्द से जल्द दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।
रहवासियों ने जताया आभार
प्रधानमंत्री आवास मिलने के करीब एक साल बाद किसी जनप्रतिनिधि को सुबह-सुबह अपने बीच पाकर रहवासी सुखद आश्चर्य में थे। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित निराकरण का भरोसा देने अध्यक्ष के संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। इस निरीक्षण के दौरान एल्डरमैन आशीष कुमार मालवीय सहित नगर पालिका के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इनका कहना है…
प्रधानमंत्री आवास केवल मकान नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों का घर है। यहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ परिसर और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
— पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद इटारसी










