इटारसी। रामपुर पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मी के साथ लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। ये दोनों नाबालिग हैं, इनमें एक पूर्व में भी बाल सुधार गृह में रह चुका है। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकि साधनों का सहारा लिया। फरियादी घनश्याम उर्फ मनीष कुशवाह के बताए अनुसार दो आरोपियों की तलाश की गई।
आज एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा ने रामपुर थानेदार विपिन पाल की मौजूदगी में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तलाश के दौरान दो संदिग्ध मोटर सायकिल से नर्मदापुरम की ओर जाते दिखाई दिये जिन्हें टीम ने फॉलो किया। नर्मदापुरम के मुखबिर सक्रिय किये जिन्होंने दो नाबालिग के घटना में शामिल होने की संभावना जतायी। इनमें से एक पूर्व में भी बाल सुधार गृह में निरुद्ध रह चुका है। दोनों की तलाश कर हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि पंप के ही एक कर्मचारी ने घटना के लिए आमंत्रित किया था।

दोनों आरोपियों से लूट की राशि, मोटर सायकिल व अन्य वस्तुएं जब्त कीं। दोनों के बताए पंप के कर्मचारी से पूछताछ की तो उसने बताया कि पीडि़त घनश्याम उर्फ मनीष कुशवाह के कहने पर ही उक्त घटना की थी। यह भी बताया कि मनीष ने पंप के हिसाब में गड़बड़ होने और पैसों के लालच में आकर स्वयं के साथ यह घटना करने को कहा था। विवेचना के दौरान अपराध में शामिल आरोपी घनश्याम उर्फ मनीष कुशवाह पिता नानकराम 29 वर्ष, निवासी केसला, थाना रामपुर गुर्रा सहित 3 नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया जिन्हें जेआर पर इटारसी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय भूमिका
उप निरीक्षक विपिन पाल थाना रामपुर गुर्रा, उनि संजीव पवार, उनि विवेक यादव, सउनि अनिल शर्मा, सउनि हर्षित मौर्य, प्रधान आरक्षक उमेश रघुवंशी, आरक्षक महेश साह, बृजलाल, विजय, गोपाल, 894 टीटू, गुलशन सोनी, सायबर टीम एक्सपट संदीप यदुवंशी, दीपेश सोलंकी एवं अन्य स्टाफ की उल्लेखनीय भूमिका रही।










