इटारसी। हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री स्वप्नेश्वर हनुमानधाम मंदिर द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। श्री द्वारिकाधीश मंदिर से प्रारंभ होकर करीब 6 किलोमीटर लंबे मार्ग का भ्रमण कर यह यात्रा देर रात मंदिर पहुंची।
स्वर्ण मृग और नरसिंह अवतार की अनूठी झांकियां


इस वर्ष शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इंदौर की प्रसिद्ध ‘नरसिंह अवतार’ की झांकी के साथ-साथ ‘वनवासी राम और स्वर्ण मृग’ की अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही अयोध्या वाले हनुमान जी और रामजी की विशेष गाड़ी ने भक्तों का मन मोह लिया।
इन विशेष आकर्षणों से सजी यात्रा
- सुरक्षा और शौर्य : उज्जैन का बंदूक फायर दल, 4 सजे हुए घोड़े और टिमरनी का प्रसिद्ध अखाड़ा।
- संगीत की धुन : 11 ढोल, डीजे (फुल लोड), शोभापुर सारणी का राजा धमाल हिंदुस्तानी और ढोल पार्टी की थापों पर भक्त जमकर थिरके।
- मातृशक्ति: 51 महिलाएं कलश लेकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं।
- धार्मिक वैभव : फूलों से सजा हनुमान जी का रथ, राम-सीता-हनुमान जी की बग्गी और प्रसाद की गाड़ी लगातार साथ चल रही थी।
- बच्चों का उत्साह : सभी झांकियों में गोरिल्ला और पांडा के किरदारों ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।
इन मार्गों से गुजरी भव्य यात्रा
शाम को द्वारिकाधीश मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा जयस्तंभ चौक, आरएमएस चौक, रेस्ट हाउस और फ्रेन्ड्स स्कूल चौराहा पहुंची। यहां से यात्रा सिंधी कॉलोनी, सूरजगंज चौराहा, विश्वनाथ चौराहा और मालवीयगंज होते हुए स्वप्नेश्वर धाम पहुंची।
भक्तों ने किया पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत
यात्रा मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत मंच लगाए। भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे मार्ग में शीतल शरबत, ठंडा जल, आइसक्रीम और मिठाई का वितरण किया। शाम से शुरू हुई यह यात्रा शहर के मुख्य चौराहों से गुजरी।
महाआरती और भंडारा
2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के मुख्य दिन मंदिर में तड़के महाभिषेक होगा। दोपहर 1 बजे से भंडारा शुरू होगा और रात 8 बजे बनारस की ‘गंगा आरतीÓ की तर्ज पर भव्य महाआरती की जाएगी। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।










