इटारसी। नाला मोहल्ला, भगतसिंह नगर, वार्ड नंबर 26 में पिछले कुछ दिनों से एक कबरबिज्जू (Asian Palm Civet) की मौजूदगी से फैली दहशत आज खत्म हो गई। स्थानीय पार्षद कुंदन गौर द्वारा दी गई सूचना के बाद, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानवर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
यह कबरबिज्जू नदी के पास स्थित दादा दरबार हनुमान मंदिर के पीछे बने एक गोडाउन में देखा जा रहा था। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कल इस जानवर ने एक कुत्ते के बच्चे को जख्मी कर दिया था, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल था।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर, सर्पमित्र अभिजीत यादव, अभय चौरे, मोहित मेहरा और राजा पाल की टीम मौके पर पहुंची। गोडाउन के अंदर काफी सारा सामान पड़ा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। टीम ने लगभग एक घंटे तक सामान हटाकर ढूंढने के बाद कबरबिज्जू को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग ने बाद में इस एशियाई पाम सिवेट (कबरबिज्जू) को उसके पुनर्वास के लिए वन परिक्षेत्र में एक सुरक्षित स्थान पर रिलीज कर दिया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन से नाला मोहल्ला के रहवासियों ने राहत की सांस ली है।








