इटारसी। मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में रात का तापमान बढऩे के आसार हैं तो वहीं कुछ जिलों में दिन में लू चलेगी। कहीं-कहीं बादल छाये रह सकते हैं तो कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।
नर्मदापुरम जिले में रात के तापमान में वृद्धि होने से मौसम गर्म रहेगा। इसी तरह से सतना, उमरिया, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, मैहर में भी रातें गर्म रहने की संभावना है। पांढुर्ना, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा जिलों में हल्के बादल, गरज-चमक तथा 20-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
मध्यप्रदेश मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में मौजूद है। इसके असर से दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। तीनों मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो रही है।










