इटारसी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूरे देश में मोदी लहर चल रही है। वे आज टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहों, सोहागपुर होकर इटारसी पहुंचे हैं, हर जगह मतदाताओं का रुझान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखा है। छिंदवाड़ा की क्या स्थिति रहेगी, यह सवाल टालते हुए डॉ. मोहन यादव आगे निकलकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने चले गये। आज यहां मुख्यमंत्री का करीब पांच किलोमीटर का रोड शो रहा जहां एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों की पंखुडिय़ों से स्वागत किया। जयस्तंभ चौक पर नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तूफान का मौसम है, जिसमें दम है, वही बचेगा और बाकी पत्ते की तरह से उड़ जाएंगे।

उन्होंने कहा कि केवल दस वर्ष का समय नरेन्द्र मोदी को मिला है और इस दस वर्ष में धारा 370 जैसी बीमारी को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि इटारसी में देश के चारों ओर से ट्रेन आती हैं और यहां खबरें आ रही है कि पूरे देश में मोदी लहर है और भाजपा तेजी से बढ़ रही है। सभा को प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने भी संबोधित किया। सभा में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नर्मदापुरम नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेन्द्र यादव सहित लोकसभा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी भी मौजूद रहे।
अर्जुन भोला, अमनकीत हुए भाजपा के
मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान कांग्रेस के युवा नेता अर्जुन भोला और अमनकीत सिंघ भाटिया ने सीएम मोहन यादव का स्वागत किया। सीएम प्रचार रथ से नीचे आए और युवाओं के मंच पर पहुंचकर उनको भारतीय जनता पार्टी का गमछा डालकर पार्टी में शामिल किया। इस दौरान अनेक युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फूल फैके जिस रूट पर मुख्यमंत्री का रोड शो था, वहां पहली लाइन में कांग्रेस का चुनाव कार्यालय भी है। जब मुख्यमंत्री का काफिला कांग्रेस के चुनाव कार्यालय के सामने से गुजर रहा था तो अनेक युवा कांग्रेसी बाहर आकर पार्टी का झंडा लहरा रहे थे, मुख्यमंत्री ने भी उनके ऊपर फूल फैंककर मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया।










