संगठन में ही शक्ति है, जिसे हमें बताना होगा : ओझा

Post by: Rohit Nage

Bachpan AHPS Itarsi

इटारसी। भगवान परशुराम जयंती समारोह के सफल आयोजन हेतु विगत एक माह से चल रही लगातार बैठकों के क्रम में नेहरूगंज, बजरंग पुरा एवं सूरज गंज क्षेत्र में आयोजित बैठक में सर्व ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष जितेंद्र ओझा ने विप्र युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर संगठन की शक्ति के प्रतीक होते हैं युवा वर्ग, उनके अंदर की ऊर्जा, हौसला और जज्बे से ही संगठन को सफलता प्राप्त होती है।

उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन निश्चित ऐतिहासिक होगा। संपूर्ण आयोजन में विशेष रूप से भगवान परशुराम जी की पालकी यात्रा, वाहन रैली और शोभा यात्रा के आयोजन का भार युवाओं ने स्वयं आगे बड़कर दायित्व संभाला है। उन्होंने सभी विप्र बंधुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम संयोजक अभिषेक तिवारी ने समारोह के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने सुझाव एवं अपना परिचय दिया। जिला उपाध्यक्ष सुनील बाजपेई ने बताया कि आयोजन में परिवार के सभी सदस्यों के लिए आकर्षक कार्यक्रम जैसे शतरंज, कैरम प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-संगीत, नृत्य की प्रस्तुति आदि रखे गए हैं ताकि संपूर्ण विप्र परिवार सक्रियता से भागीदारी करें।

बैठक में नगर अध्यक्ष अशोक शर्मा, तहसील अध्यक्ष अशोक दुबे, कुलभूषण मिश्र, प्रकाश दुबे, मनोहर तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय ने एवं आभार प्रदर्शन अशोक शर्मा चुटई महाराज ने किया। अध्यक्षता पंडित मधु सूदन शास्त्री ने की। इसके पूर्व तीस साल से लगातार परशुराम जयंती समारोह के सफल आयोजन हेतु जिलाध्यक्ष जितेंद्र ओझा को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!