रितेश राठौर, केसला। आज बुधवार को क्षत्रिय राठौर समाज केसला द्वारा राष्ट्रीय वीर शिरोमणि दुर्गादास जी राठौर की जयंती पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
नवनिर्मित हनुमान धाम मंदिर केसला से दोपहर 1 बजे प्रारंभ हुई शोभायात्रा में समाज के युवाओं ने दो सफेद घोड़ों पर वीर दुर्गादास राठौर और रानी लक्ष्मीबाई के रूप में आकर्षक झांकी प्रस्तुत की।झमाझम बारिश के बीच भी ग्रामवासी उमंग और उत्साह से शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे ग्राम में जगह-जगह ग्रामीणों ने समाजजनों का स्वागत किया।
विशेष रूप से ब्राह्मण समाज केसला द्वारा फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।ग्राम भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा पुनः हनुमान धाम मंदिर पहुंची, जहां वीर दुर्गादास जी के चित्र का समाज के सभी बंधुओं ने पूजन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनों का सम्मान किया गया और समाज को शिक्षा, एकता और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श हुआ।बारिश में भी लोगों के जोश और सहभागिता ने यह संदेश दिया कि समाज की एकजुटता और वीरों के प्रति श्रद्धा मौसम की परवाह नहीं करती।




























