रीतेश राठौर, केसला। ग्राम केसला में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग 3 बजे चोरों ने एक घर और दुकान को निशाना बनाया। इस दौरान चोरों ने नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया और एक बुजुर्ग महिला पर हमला भी किया।
पीडि़त परिवार ने बताया कि चोर दुकान के गल्ले से लगभग 25,000 रुपये नकद, घर से 15,000 रुपये और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजी व्यक्त की। यह चौंकाने वाली बात है कि घटना स्थल थाना केसला से मात्र 200 मीटर की दूरी पर था, फिर भी चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे और पीडि़त परिवार को खुद थाने जाकर सूचना देनी पड़ी।
इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि थाना क्षेत्र बहुत बड़ा है और पुलिस की गश्त लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अगर पीडि़त परिवार ने तुरंत 100 या 112 नंबर पर डायल किया होता, तो पुलिस समय पर पहुंच सकती थी। ग्रामीणों ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि ‘जब घटना घटती है, तब कोई 100 डायल कहां से करेगा? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी पर बैठे पुलिसकर्मी ने तत्परता नहीं दिखाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, पुलिस की जवाबदेही तय करने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की है।











