इटारसी। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले व्यवधान को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इटारसी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने 12 जून को बैल बाजार और उसके आस-पास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर खुले में मदिरापान करने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में न्यास कॉलोनी निवासी अजय सोनी 30 वर्ष को दोपहर 3 बजे, नई गरीबी लाइन निवासी धर्मेन्द्र आर्य 42 वर्ष को रात 8:35 बजे बैल बाजार परिसर से और नई गरीबी लाइन के ही निवासी सुरेश रामदास 59 वर्ष को रात 8:30 बजे बैल बाजार क्षेत्र से पकड़ा।
पुलिस ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के अंतर्गत पृथक-पृथक मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










