इटारसी। पुरानी इटारसी के वार्ड 2 स्थित गोकुलधाम कॉलोनी के नवनिर्मित मंदिर में भगवान श्री गणेश, माता दुर्गा और शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा का तीन दिनी धार्मिक अनुष्ठान मंगलवार, 21 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है। गोकुलधाम के समस्त निवासियों द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

महोत्सव का शुभारंभ 21 जुलाई मंगलवार को प्रात: 9 बजे निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से होगा, जिसके बाद संध्या समय मूर्तियों का जलाधिषेक किया जाएगा। दूसरे दिन, 22 जुलाई बुधवार को प्रात: 9 बजे से मुख्य पूजन, विशेष अभिषेक तथा भोग अर्पित किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन, 23 जुलाई गुरुवार को प्रात: 9 बजे से अंतिम पूजन विधि होगी। तत्पश्चात दोपहर 12 से 3 बजे के शुभ मुहूर्त में मूर्तियों की वेदी पर प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी, जिसके तुरंत बाद महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।











