इटारसी। मंगलवार को एक ही दिन में तीन-अलग-अलग घटनाओं में तीन मौत होने की जानकारी सामने आयी है। दो दुर्घटना और एक आकस्मिक मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबह इटारसी एसी लोकोशेड से रिटायर्ड, भोपाल निवासी रेलकर्मी हनीफ कुरैशी किसी कार्य से इटारसी आए थे। सुबह अचानक वे भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास बेसुध होकर गिर गये। आसपास के लोगों ने उनको छांव में बिठाया और फिर पास ही एक क्लीनिक में ले गये जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर उनके साथी रेलकर्मी मौके पर पहुंच गये थे और उनके परिजनों को भी सूचना दे दी थी।
दूसरी घटना ओवरब्रिज पर एक युवक की बाइक स्लिप होने से हुई है। युवक जगदीश बाथम निवासी गोटियापुरा सिवनी मालवा काम पर जा रहा था कि ओवरब्रिज पर चेन फंसने से बाइक स्लिप हो गयी और उसका सिर टकराने से लगी गंभीर चोट के बाद उसकी मौत हो गयी। इसी तरह से एक घटना गुर्रा के पास हुई है। जीआरपी के अनुसार कुछ रेल कर्मी एक युवक को ट्रेन से लाये थे, जो संभवत: किसी ट्रेन से गिरा है, उसकी मौत हो गयी है।












