इटारसी। बुधवार रात करीब 7:30 बजे, इटारसी के द पार्क क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार इंडिगो कार और साइन मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान श्रीराम हंसराज कटारे और दुर्गेश कटारे के रूप में हुई है, ये तीनों ही रैसलपुर के निवासी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक सवार युवक इटारसी से अपने गांव रैसलपुर की ओर लौट रहे थे। इटारसी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।








