इटारसी। सतपुड़ा के घने जंगलों से निकलकर वन्यजीव अब आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जिससे इटारसी और उसके आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। हाल ही में, आयुध निर्माणी और पावर ग्रिड के क्षेत्रों में टाइगर और तेंदुए की आवाजाही देखी गई है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं।
वन विभाग की टीमें सक्रिय, मुनादी कराई
वन्यजीवों की बढ़ती हलचल को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) अशोक कुमार और डीएफओ मयंक गुर्जर के निर्देश पर वन विभाग की तीन टीमों को क्षेत्र में तैनात किया गया है। एसडीओ मानसिंह मरावी के मार्गदर्शन में आयुध निर्माणी क्षेत्र में एक पिंजरा भी लगाया गया है।


एसडीओ मानसिंह मरावी ने बताया कि आयुध निर्माणी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है, जिसमें लोगों को रात में अकेले बाहर न निकलने और झुंड में ही जाने की सलाह दी गई है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) की डॉग स्क्वाड टीम को भी लगाया है। रानीपुर, तवानगर और आयुध निर्माणी क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
वन्यजीवों की बढ़ती आमद ने बढ़ाई चिंता
कुछ दिनों पहले ही पावर ग्रिड में एक तेंदुए का शव मिला था, और दो अन्य तेंदुओं के होने की सूचना ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी थी। अब यही वन्यजीव तवानगर और आयुध निर्माणी क्षेत्र में देखे गए हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। दर्जनों वन कर्मचारियों को इन वन्यजीवों के रेस्क्यू और गश्त के लिए ड्यूटी पर लगाया गया है। वन क्षेत्रों से निकलकर टाइगर और तेंदुए अब सड़कों और रिहायशी इलाकों में दिखाई देने लगे हैं।








