इटारसी। शहर के सूरजगंज चौराह से सोनासांवरी नाका तक बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने की कवायद के अंतर्गत आज दोपहर में सूरजगंज चौराहे पर बनी तीन शेर की मूर्तियों को तोड़ दिया गया है। इस चौराहे से सोनासांवरी नाका तक हर रोज कई मर्तबा जाम लगता है। पिछले दिनों विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा की अध्यक्षता में हुई विभिन्न विभागों की त्रैमासिक बैठक में भी यह मुद्दा उठा, जिसमें निर्णय हुआ था कि तीन शेरों की मूर्तियों को हटाया जाएगा और समीप ही लगे ट्रांसफार्मर को भी शासकीय गल्र्स स्कूल की दीवार तरफ और पीछे शिफ्ट किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि नगर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाये जा रहे हैं, इनमें सूरजगंज चौराह पर लगी तीन शेरों की मूर्तियां हटाना, बिजली का ट्रांसफार्मर शिफ्ट करना और सूरजगंज चौराहे पर बने श्री हनुमान मंदिर को भी उसी जगह से थोड़ा पीछे हटाने की बात चल रही है। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा इस विषय पर विभिन्न संबंधित लोगों से चर्चा कर रहे हैं, सारे काम विधि अनुसार ही किये जाएंगे।

रेलवे स्टेशन के सामने का मंदिर भी पीछे ही गोठी धर्मशाला की हाल ही में खाली हुई दुकान वाले स्थान पर शिफ्ट करने की योजना है। पिछले दिनों विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टी प्रतीक राव ने अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया है। इस विषय में गोठी धर्मशाला प्रबंधन और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के साथ जो भी राय बनेगी, उसके अनुसार आगे की योजना तैयार होगी।
रेलवे स्टेशन के पास ट्रैफिक जाम एक बड़ी समस्या है। खासकर रेलवे स्टेशन के सामने। यहां अक्सर शाम के समय वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए कई बार ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
हालांकि, अमृत भारत योजना के तहत इटारसी जंक्शन का कायाकल्प किया जा रहा है। इस योजना के तहत स्टेशन पर कई बदलाव किए जा रहे हैं, जैसे कि प्लेटफॉर्म को चौड़ा करना, नए स्ट्रक्चर बनाना और पार्किंग के लिए जगह बनाना। भविष्य में इन सुधारों से स्टेशन के आसपास के ट्रैफिक में कुछ हद तक सुधार होने की उम्मीद है।








